“शब्द का मौन सम्मान”
दर्शनात्मक टिप्पणी — कविता के संदर्भ में:
इस कविता के द्वारा कवि अपनी सोच को व्यक्त करते हुए ये कहना चाहता है की कविता कोई बाहरी चीज़ नहीं है जो उत्सवों में या तालियों की गड़गड़ाहट में पैदा होती है। कविता तो हमारे भीतर की उस ख़ामोशी से जन्म लेती है, जिसे हमने सालों दबा के रखा होता है। कविता सिर्फ़ शब्दों को जोड़ने का काम नहीं करती, बल्कि वह इंसान के दिल की सबसे सच्ची आवाज़ होती है। यह कविता इस सच्चाई को महसूस कराती है कि कविता का असली घर किताबों के पन्नों में नहीं, बल्कि इंसान के सीने में होता है।
कभी-कभी एक सफ़ेद पृष्ठ
महज़ काग़ज़ नहीं होता —
वह एक शांत कमरा है
जहाँ सदियों की अनकही आवाज़ों का
कोई काफ़िला ठहर जाता है।
कविता उस वक्त जनम लेती है
मनुष्य के भीतर का मन
अपने ही सन्नाटे में
अनसुनी धड़कन सुनना सीखने लगे
ख़ुद से मुलाक़ातें करने लगे।
रात के सबसे शांत पहर में
जब शब्द थक कर चूर हों,
कहीं एक पन्ना चुपके से खुलता है
और मन अपने धीमे स्वर में
कविता को पुकारता है।
शायद इसी तरह
जन्म लेती है कविता
न उत्सव की भीड़ में,
न तालियों की चमक में,
बल्कि उस क्षण
जब मनुष्य
अपने ही भीतर
एक अनाम खालीपन से
धीरे-धीरे संवाद करता है।
कभी-कभी
कविता
एक शब्द से नहीं,
एक ख़ामोशी से
जन्म लेती है।
वह ख़ामोशी
जो सीने के किसी कोने में
बरसों से दबी पड़ी है,
जैसे समय उसे छूना ही भूल गया।
फिर अचानक किसी रात
वही ख़ामोशी
एक लफ़्ज़ बनकर
काग़ज़ पर उतर आती है।
आज की इस उजली भोर में
जब पृथ्वी पर शब्दों की
पहली किरण उतरी है,
हम स्वागत करते हैं कविता का —
उस प्राचीन स्वर का
जो मानव की पहली धड़कन से जन्मा था।
जब किसी ने पहली बार
दुख को गीत बनाया,
आशा को पंक्ति में पिरोया,
और स्मृतियों को स्याही में सहेजा,
तब जनमी वह कोमल भाषा,
उसी का नाम कविता है।
कविता वह नदी है जो समय के
पर्वतों से बहती हुई,
पीढ़ियों के हृदयों तक पहुँची,
और हर युग को यह सिखलाती है —
“शब्द भी प्रकाश बन जाते हैं।”
शब्द जब जनम लेते हैं तो
मात्र अक्षर नहीं होते,
वे मनुष्य के भीतर छिपी
अनकही सदियों की आवाज़ होते हैं।
कविता शब्दों की सजावट नहीं,
वह आत्मा का दस्तावेज़ है —
जब सभ्यताएँ बन रही थीं,
इतिहास जब लिखना सीख रहा था,
तब किसी अकेले ने पहली दफ़ा
दर्द को लय में बाँध दिया था,
वही क्षण कविता का जनम था।
कविता किसी भाषा में
कैद नहीं हो सकती —
उर्दू की नज़ाकत में खिलती,
हिंदी की सरलता में बहती,
हर बोली में कहती कहानी
मानव हृदय की वही बसती।
कभी वह मीरा के पद में भक्ति की धुन,
कभी कबीर के दोहे में सत्य की साखी।
कहीं ग़ालिब की फ़िज़ा में दर्द-ए-दिल की आहट,
कहीं फ़ैज़ की नज़्म में उम्मीद की रौशनी।
गंगा-जमुना की धारा से लेकर सिंधु के पार,
हर लहर पर तैरते भाव हैं हज़ार।
वह चीनी में, अरबी में, फ़ारसी में बोली,
फिर भी गूंजी एक-सी, हर दिल की नज़दीकी में।
वह कागज़ की कश्ती पर लादे अनुभूतियाँ,
हर सरहद को पाट देती हैं उसकी सूक्तियाँ।
वह पीर का मरहम है, मुस्कान की फुहार,
उसने ही तो सिखाया — सबका एक ही घर-बार।
जब एक देश का गीत दूसरे
देश के हृदय में गूँजता है,
जब पुस्तक महाद्वीपों के पार
यात्रा करती है अकेली —
तब कविता सीमाओं के पार
एक पुल बन जाती है।
कविता किसी किताब में कैद नहीं रहती।
वह उस क्षण जन्म लेती है
जब कोई मनुष्य
अपने दर्द को छिपाने के बजाय
उसे सच की तरह स्वीकार कर लेता है।
वह खेतों की हवा में बहती है,
मजदूर के पसीने में चमकती है,
बच्चे की हँसी में खिल जाती है।
जब एक किसान आकाश की ओर देखता है,
जब एक माँ अपने बच्चे की नींद देखती है,
जब एक अकेला अपने टूटे विश्वासों को समेटता है —
वहीं कहीं कविता जन्म ले रही होती है।
कवि सिर्फ़ उसे लिख देता है।
क्योंकि कविता कल्पना से कम
और जीवन से अधिक बनती है।
जब शब्द थक जाते हैं
भाषाएँ भी हार मान लेती हैं,
तब कविता आत्मा की भाषा बन जाती है।
नमन है उस अक्षर को जिसने संवारे अर्थ,
नमन है उस स्वर को जिसने दिए संसार को मर्म।
हे कविता! तू काल की गुफाओं में जली लौ,
तूने पीढ़ियों के सपनों को दिया है प्रणय-गौरव।
स्याही से लिखी पंक्तियाँ
संवाद बन जाती हैं,
और संवाद से जन्म लेती है
समझ, करुणा और शांति।
कवि वह नहीं
जो हसीन शब्द लिख सके,
कवि वह है
जो अपने समय के
अँधेरे को पहचान सके।
कविता लिखना
सिर्फ़ कला नहीं,
यह मनुष्य होने की
सबसे गहरी ज़िम्मेदारी है।
कवि सिर्फ़ लिखता नहीं,
वह महसूस करता है,
जीवन को देखता है,
और उन अनुभूतियों को
पंक्तियों में ढालता है।
कवि शब्दों का मालिक नहीं,
वह तो बस एक मेहमान है
उन लफ़्ज़ों का जो उसकी रूह में
कहीं अज्ञात जगह से उतरते हैं।
कवि होना शब्दों का हुनर नहीं,
अपने भीतर की अंधेरी सुरंगों से
गुज़रने का साहस है।
कवि जानता है कविता
किसी को चकित करने को नहीं,
बल्कि जीवन को थोड़ा
समझने के लिए लिखी जाती है।
कविता मौन की धैर्यवान श्रोता है,
वह सत्य को तिजोरी में नहीं,
मानव हृदय में सुरक्षित रखती है।
कवि समय का गवाह है —
वह इतिहास नहीं लिखता,
मनुष्यता की धड़कन दर्ज करता है।
कई बार एक साधारण-सा वाक्य
इतना भारी हो जाता है
कि उसे उठाने के लिए
पूरी कविता लिखनी पड़ती है।
जब दुनिया सुविधा के झूठ में सो रही होती है,
तब कोई एक असुविधाजनक सत्य लिख रहा होता है —
उसी का नाम कवि है,
और उस सत्य का नाम कविता।
कविता सत्ता की प्रशंसा नहीं करती,
वह मनुष्य की आत्मा की गवाही देती है।
कविता कभी आँसू बन गिरती,
कभी प्रार्थना बन उठती,
कभी टूटे दिल की धीमी-सी
धड़कन बन जाती है।
कभी विरह की चुप्पी,
कभी प्रेम का उच्चारण,
कभी अन्याय के विरुद्ध
एक निर्भीक स्वर।
कभी वह माँ की लोरी है,
कभी पिता की चुप्पी में छिपी दुआ।
कभी बिछड़ने का अंतिम सन्नाटा।
कभी खेतों की हवा में बहती है,
कभी मज़दूर के पसीने में चमकती है,
और बच्चे की हँसी में खिल जाती है।
जब दुनिया शोर से भर जाती है,
कविता चुपचाप आती है
और मन के किसी कोने में
दीया जलाती है।
आज विश्व कविता दिवस पर
कितनी भाषाएँ झुक रही होंगी
एक-दूसरे की ओर—
हिंदी, उर्दू, अरबी, फ़ारसी,
हर भाषा अपने भीतर
एक अलग आकाश रखती है,
पर कविता इन सब आकाशों को
एक ही क्षितिज में जोड़ देती है।
क्योंकि शब्द जब सच्चे होते हैं
तो वे किसी एक संस्कृति के नहीं रहते,
वे मानवता की संपत्ति बन जाते हैं।
कितने कवि अपनी खिड़कियों के पास
काग़ज़ पर झुके होंगे —
कोई स्याही में पीड़ा डुबोकर लिख रहा होगा,
कोई स्त्री रसोई की धूप में खड़े-खड़े
अपने मौन को कविता बना रही होगी।
कवि किसी सिंहासन पर नहीं बैठता,
वह भीड़ में चलता एक साधारण मनुष्य है।
पर उसकी आँखें ठहरती हैं थोड़ी देर —
एक टूटते तारे पर,
एक थके चेहरे पर,
एक बच्चे की हँसी पर।
वह देखता है और चुपचाप लिख लेता है।
इतिहास कभी युद्धों से लिखा जाता है,
पर मनुष्य की सच्ची कहानी
अक्सर कविताओं में मिलती है।
क्योंकि कवि केवल घटनाएँ नहीं लिखता,
वह भावनाओं को दर्ज करता है,
वह उस क्षण को पकड़ लेता है
जब मनुष्य आशा और निराशा के बीच खड़ा होता है।
कहीं किसी पुराने पुस्तकालय में
धूल से ढकी किताब
आज भी किसी भूली आवाज़ को
सहेजे बैठी है।
कितने पाठक पुस्तक खोलते ही
अनजानी आत्मीयता महसूस करते होंगे —
किसी दादी की कहानी,
किसी पुराने घर की गंध,
किसी बरसात की पहली बूँद।
ये सब किसी कविता में
फिर से जीवित हो सकते हैं।
और शायद कविता का सबसे बड़ा सत्य यही—
यह दुनिया तलवारों से नहीं बदली,
पर कई बार एक सच्चे शब्द ने
पूरे युग की आत्मा हिला दी।
और जब कवि नहीं रहते,
उनकी आवाज़ें फिर भी कहीं
पुस्तकों के पन्नों में
धीरे-धीरे साँस लेती रहती हैं।
शायद इसी तरह आने वाली सदियों में
कोई बच्चा किसी पुराने पुस्तकालय में
एक पंक्ति पढ़ेगा —
और अचानक उसे लगेगा
कि दुनिया थोड़ी कम अकेली है।
तब वह समझेगा
कविता शब्दों से अधिक
मनुष्यता की स्मृति है।
और अंततः
जब सारी आवाज़ें थम जाएँगी,
तब भी कहीं न कहीं
एक पृष्ठ खुला रहेगा,
जहाँ मौन धीरे से
अगली कविता की
प्रतीक्षा कर रहा होगा।
और जब यह पृष्ठ भी पलट जाएगा,
यह स्याही सूखकर धूल हो जाएगी,
तब भी कहीं न कहीं,
किसी बच्चे की आँख में,
एक अनकही कविता जाग रही होगी,
उस अँधेरे को सुनने के लिए
जो अभी पैदा ही नहीं हुआ।
आज — विश्व कविता दिवस पर,
कवि होने का अर्थ याद करो।
केवल कविता को मत पढ़ो,
थोड़ा ठहरो,
अपनी ख़ामोशी सुनो,
क्योंकि कभी-कभी
सबसे महान कविता
हमारे भीतर ही
अलिखित पड़ी होती है।
आओ शब्दों को फिर से मनुष्य बना दें।
आओ याद करें
कि कविता किसी पुरस्कार की भूखी नहीं,
वह तो बस एक सच्चे हृदय की तलाश में है।
जहाँ कोई मनुष्य
अपने भीतर के अँधेरे से जूझते हुए
एक सच्चा शब्द लिख दे,
वहीं से दुनिया थोड़ी ओर मानवीय हो जाती है।
आओ लिखें — दर्द भी, प्रेम भी, सत्य भी।
क्योंकि जब तक कविता जीवित है,
तब तक मनुष्य की आत्मा
पूरी तरह पराजित नहीं हो सकती।
और मनुष्य केवल जीवित नहीं,
संवेदनशील भी रहेगा।
इस दिन याद करें उन सबको
जिन्होंने शब्दों को संवारा,
जिन्होंने अपने खून की स्याही से
इंसानियत का बयान लिखा।
क्योंकि जब तक इस दुनिया में
कोई दर्द है, कोई ख्वाब है, कोई याद है,
कविता का सफर खत्म नहीं होगा,
वह अनकही का सबसे खूबसूरत नाम है।
हम कवियों ने देखा है,
सदियों की ख़ामोशी को तोड़ते हुए,
एक मिसरा कैसे इतिहास बन जाता है,
एक ग़ज़ल दर्द को गुनगुनाते हुए
पूरी सभ्यता की नब्ज़ बन जाती है।
मैं कविता इसलिए नहीं लिखता
कि दुनिया मुझे कवि कहे,
मैं लिखता हूँ क्योंकि कई बार
जीना अकेले संभव नहीं होता —
तब शब्द मेरे साथ बैठ जाते हैं।
कविता मेरे लिए भाषा का कौशल नहीं,
यह आत्मा की धीमी प्रक्रिया है
जिसमें मनुष्य
अपने ही भीतर उतरता है।
आने वाली पीढ़ियाँ
जब इन शब्दों को पढ़ेंगी,
तो उन्हें मिलेगा
मनुष्य का प्रेम, उसका संघर्ष,
और उसकी उम्मीद।
कविता उन्हें बताएगी
कि अंधकार के समय में भी
एक छोटी सी पंक्ति
दीपक बन सकती है।
और इस अवसर पर
मैं सभी लेखकों को,
विशेष रूप से उन कवियों को
हृदय से नमन करता हूँ —
जो खामोशियों को आवाज़ देते हैं,
जो अपने शब्दों से
दुनिया को थोड़ा और संवेदनशील बनाते हैं,
जो आँसुओं और दर्द को अर्थ देते हैं,
और मानव आत्मा को
एक साझा आकाश में जोड़ते हैं।
क्योंकि जब तक
कवियों की कलम चलती रहेगी,
तब तक मनुष्य की आत्मा
जीवित रहेगी।
ऐ-हार्दिक!
हर एक लफ़्ज़ में दिल की सदा लिखते हैं,
हम अपनी ख़ामोशी को सदा लिखते हैं।
कभी आँसू, कभी याद, कभी तन्हाई,
हम अपने दर्द को भी दुआ लिखते हैं।
किसी मज़हब, किसी सरहद में क़ैद नहीं,
हम इंसान के जज़्बों का ख़ुदा लिखते हैं।
यह दिन सिर्फ़ कलम का नहीं, रूह का है,
हम हर दर्द को कविता बना लिखते हैं।
“कविता केवल शब्द नहीं, यह मानवता की वह अमर आवाज़ है,
जो हर दिल को जोड़ती है, हर युग को सहेजती है —
हाँ, यही कविता है,
यही हमारी साझा विरासत है।”
आज का दिन — कविता को समर्पित।
– हार्दिक जैन। ©
इंदौर ।। मध्यप्रदेश ।।
𝐖𝐫𝐢𝐭𝐜𝐨. ©
Comments
Post a Comment