“बारिश का आईना”
“नज़्म-ए-दास्तान”
“बारिश का आईना”
दर्शनात्मक टिप्पणी:
(कविता के संदर्भ में)
इस कविता के द्वारा कवि अपनी सोच को व्यक्त करते हुए ये कहना चाहता है कि बारिश केवल एक मौसम या प्राकृतिक घटना नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा आईना है जिसमें इंसान की जिंदगी की असली तस्वीर दिखाई देती है। बारिश सब पर एक जैसी बरसती है, लेकिन हर इंसान उसे अपने हालात, अनुभवों और जरूरतों के अनुसार अलग-अलग तरह से महसूस करता है।
कविता यह भी बताती है कि प्रकृति अपने आप में न अच्छी होती है और न बुरी। बारिश तो बस बारिश है, उसका कोई विशेष उद्देश्य नहीं होता। लेकिन इंसान अपने अनुभवों, भावनाओं और संघर्षों से उसे अर्थ देता है। कवि के अनुसार जीवन का सबसे बड़ा चमत्कार कोई अलौकिक शक्ति नहीं, बल्कि स्वयं इंसान है, जो हर कठिन परिस्थिति में भी आगे बढ़ता रहता है।
साहब! मंसब-ए-सुख़न होने का फ़र्ज़ यही है कि बारिश को केवल मौसम न समझें, बल्कि इंसानों की मेहनत और मजबूरी का वह आईना देखें जो हर बूँद में झलकता है। आइए, हम उन अनजान राहगीरों की कहानी सुनते हैं...”
“बारिश में कोई दैवी संदेश नहीं छिपा;
लेकिन मनुष्य अपने संघर्ष, करुणा और जिद से उसे अर्थ दे देता है।”
बरसती हैं बूँदें, तो खुलते हैं मंज़र,
ये बारिश है आईना, झाँको जो अंदर।
मैं अनजान चेहरों की कशमकश देखूँ,
हर एक शख़्स में बहता है अपना समंदर।
न कोई फ़रिश्ता उतरा, न कोई करिश्मा हुआ,
जो कुछ भी यहाँ घटता है, महज़ वक़्त का फ़ैसला हुआ।
ये बूँदें नहीं लातीं कोई पैग़ाम आसमानों से,
मगर इंसाँ पढ़ लेता है अर्थ अपने अफ़सानों से।
ये बारिश का मौसम है,
भीगी हुई फ़िज़ाओं का एहसास है,
मैं देख रहा हूँ उन चेहरों को,
जिनसे न कोई रिश्ता, न कोई नाम है।
कुछ लोग खड़े हैं छज्जों पर, लेकर चाय का स्वाद,
उनके लिए ये बारिश जैसे, प्रकृति का संवाद।
धुएँ में घुलती ख़्वाहिशें हैं, होंठों पर लिए मुस्कान,
उनकी आँखों में बरस रहा है, सुकून का आसमान।
कोई चाय की भाप में मौसम का सुख तलाश रहा,
कोई धुएँ के छल्लो में अपना सुकून तराश रहा।
उसके लिए ये बारिश एक ख़ूबसूरत नज़ारा है,
भीगी हुई शाम का जैसे कोई प्यारा इशारा है।
मगर वहीं सड़क के कोने पर एक सब्ज़ी वाली खड़ी है,
बूंदों से नहीं, नुक़सान की आहट से उसकी आँखें भरी हैं।
वो अपनी भीगी सब्ज़ियों को दामन-सा बचाती है,
हर गिरती बूंद में अपनी मेहनत डूबती पाती है।
उधर एक ऑटो वाला भी बारिश से हार नहीं मानता,
भीगे हुए कपड़ों में भी रोज़ी का रास्ता पहचानता।
उसके लिए ये पानी कोई रोमानी अफ़साना नहीं,
ये उसके बच्चों की रोटी है, कोई बहाना नहीं।
और वे लोग जो दफ़्तरों से घर को निकल पड़े हैं,
फिसलते क़दमों में जाने कितने बोझ लिए खड़े हैं।
गिरते हैं, संभलते हैं, फिर राह पकड़ लेते हैं,
जैसे ज़िंदगी के सबक़ को हर रोज़ पढ़ लेते हैं।
ये अजनबी लोग हैं, पर अजनबी कहाँ लगते हैं,
बारिश की एक चादर में सब अपने-से लगते हैं।
कोई सुकून की ख़ातिर इस मौसम को जीता है,
कोई संघर्ष की आग में भी ख़ुद को सीता है।
एक तरफ़ है चाय की महफ़िल, ठहरा हुआ सुकून,
एक तरफ़ है पेट की ख़ातिर चलता हुआ जुनून।
एक तरफ़ है भीगी राहों में ख़्वाबों का उत्सव,
एक तरफ़ है संघर्षों के अनगिनत पर्व।
एक ओर हँसी की धुन है, एक ओर दर्द की तान,
एक ओर ख़्वाबों का मौसम, एक ओर थका इंसान।
मगर इन सब चेहरों में जो हिम्मत की रौशनी है,
यक़ीन मानो, वही सबसे बड़ी ज़िंदगी है।
तब समझ में ये बात आई, जीवन का व्यवहार,
मौसम केवल मौसम है, कर्मों का नहीं आधार।
और फिर मुझको एहसास हुआ इस भीगी हुई राहों में,
इंसाँ की असल तस्वीर छिपी है इन निगाहों में।
ज़िम्मेदारियाँ मौसम की मोहताज नहीं होतीं,
तूफ़ानों से डरकर कभी परवाज़ नहीं होती।
बारिश सब पर एक-सी बरसती है, यही उसका दस्तूर है,
मगर हर दिल में उसका अलग-अलग सा सुर है।
कोई उसे ख़ुशी समझकर हथेलियों पर धरता है,
कोई उसी पानी में अपना दर्द बिखेरता है।
किसी ने उसमें ढूँढ़ लिया राहत का एक गीत,
किसी ने उसमें सुन ली अपनी भूख की मद्धम प्रीत।
किसी ने पी ली चाय बनाकर यादों की गर्माहट,
किसी ने छिपा लिए आँसू कहकर इसे हक़ीकत।
आसमाँ में कोई ख़ुदा नहीं, जो ये बूँदें बरसाता है,
ये तो महज़ एक निज़ाम-ए-क़ुदरत है, जो बादल बन छाता है।
प्रकृति न मेहरबान किसी पर, न ही ये कोई ज़ालिम है,
ये बेपरवाह सी बारिश है, न इसका कोई हाकिम है।
कोई बूंदों में जश्न मनाता, कोई आँसू धो लेता है,
कोई तक़दीर का हिस्सा समझकर चुपचाप सह लेता है।
यही फ़र्क़ है इंसानों का, यही जीवन की पहचान है,
एक ही बारिश में कितनों की अलग-अलग दास्तान है।
शायद कोई मंज़िल अंतिम कहीं लिखी नहीं गई,
शायद किसी अदृश्य हाथ ने राहें नहीं चुनीं।
फिर भी ये क़दम चलते हैं, फिर भी ये दिल धड़कते हैं,
क्योंकि उम्मीदें पैदा होती हैं, दी नहीं जातीं।
अगर कोई चमत्कार है, तो यही साधारण लोग हैं,
जो टूटकर भी हर सुबह फिर खड़े हो जाते हैं।
न आसमान झुकता है उनकी मुश्किलें उठाने को,
वे ख़ुद ही अपने कंधों पर एक दुनिया उठा लेते हैं।
“मैंने बारिश में देखा है, सच इतना ही आसान है,
सबसे बड़ा चमत्कार अगर कुछ है, तो वो इंसान है।”
ये बारिश सिर्फ़ मौसम नहीं, एहसासों का संसार है,
हर बूंद में छुपा हुआ इंसानी जीवन का सार है।
ये इंसाँ की हिम्मत, जिद और सपनों की पहचान है,
ये संघर्षों के सीने पर खिलती हुई मुस्कान है।
ये महज़ मौसम नहीं, ये एक जीवित दास्ताँ है,
हर बूँद में हर्फ़, हर लहर में एक नया बयाँ है।
मैं हूँ, तुम हो, और ये अनजान हैं सब,
बारिश की इस खुली आँख में हम सब एक हैं अब।
जो ठहरकर इसे पढ़ ले, हार्दिक! उसे इतना ज्ञान मिले:
ये बारिश सिर्फ़ मौसम नहीं,
इंसानियत का खुला आसमाँ है,
जहाँ हर भीगा चेहरा,
एक मुकम्मल दास्ताँ है।
– हार्दिक जैन। ©
इंदौर ।। मध्यप्रदेश ।।
कठिन शब्दों के अर्थ - (कविता के सन्दर्भ में)
1. अलौकिक - चमत्कारी।
2. मंसब-ए-सुख़न - कवि होने का पद / कर्तव्य।
3. कशमकश - उलझन, संघर्ष।
4. फ़िज़ाओं - वातावरण।
5. छज्जों - घरों या इमारतों की बाहर निकली हुई छत / ओट।
6. तान - संगीत की ध्वनि / लय।
7. परवाज़ - उड़ान।
8. मद्धम - धीमा।
9. प्रीत - प्रेम।
10. निज़ाम-ए-क़ुदरत - प्रकृति की व्यवस्था / प्राकृतिक नियमों का क्रम।
11. हाकिम - शासक / नियंत्रक।
12. हर्फ़ – शब्द / जीवन का भाव।
Comments
Post a Comment