“ क्या शहर, क्या घर, क्या त्योहार ? ”
“ क्या शहर, क्या घर, क्या त्योहार ? ”
( दीपावली के उजालों के बीच उम्रभर न बुझने वाली
मन की बेदिली और अस्तित्वगत उदासी का
एक फ़लसफ़ियाना मर्सिया )
दार्शनिक टिप्पणी:
(कविता के संदर्भ में) -
इस कविता के द्वारा कवि, ‘हार्दिक ’अपनी सोच को व्यक्त करते हुए ये कहना चाहते है कि हर साल दीपावली आती है, शहर सजता है, घर रोशनी से जगमगाते हैं और लोग खुशियाँ मनाते हैं, लेकिन कभी-कभी इंसान के मन की हालत ऐसी हो जाती है कि इन सबके बीच रहकर भी उसे कोई खुशी महसूस नहीं होती। कवि की यही गहरी उदासी इस विचार को जन्म देती है और इसीलिए इस कविता का मूल दर्शन भी यही है कि इंसान सबके बीच रहकर भी खुद से दूर हो सकता है, और जब उसके भीतर खुशी महसूस करने की क्षमता ही खोने लगती है, तो बाहर की सारी रोशनी, रौनक और उत्सव अपना अर्थ खोने लगते हैं। शायद इसी अधूरेपन, इसी अकेलेपन और अपने ही मन से दूर हो जाने की पीड़ा के भाव से कवि के मन के भीतर बार-बार एक सवाल उठता है:
“जब दिल ही किसी चीज़ में नहीं लगता ,
तो फिर क्या शहर , क्या घर , क्या त्योहार ? ”
फिर शहर ने अँधेरों पर उजालों का लिबास चढ़ाया,
मैंने हर जलते चराग़ में अपना उदास अक्स पाया।
दर-ओ-दीवार पर झिलमिल हैं रौशनी की लड़ियाँ,
मगर मेरे ज़ेहन में अब भी क़ैद हैं कुछ मातमी घड़ियाँ।
गली के मोड़ पे रंगोली से उड़ती महीन धूल,
दुकानों की दहलीज़ों पर टँगे हैं काग़ज़ी फूल।
न इस रौनक़ से शिकवा है,
न मौसम का क़ुसूर,
मगर मेरा ही एक हिस्सा मुझसे हो गया है दूर।
दुकानों के शीशों में सजा है मीठा इंतज़ार,
काँच के उस पार दस्तक दे रहा है फिर त्योहार।
ज़बाँ पहचानती है आज भी मिठाई की मिठास,
मगर उस स्वाद से दिल में नहीं जगता पहले-सा उल्लास।
दरीचों पर उजालों ने लिखी है एक इबारत,
मैं पढ़ तो लेता हूँ, पर महसूस नहीं होती
हरारत।
कैलेंडर जानता है कब लौटेगी वह रात,
मगर तारीख़ बदलने से कहाँ बदलते है जज़्बात?
गली के बच्चे फ़ुलझड़ियों से लिखते हैं अपना नाम,
मेरी हथेलियों पर उतरती है बेआवाज़-सी शाम।
उनके लिए हर चिंगारी में एक नया संसार है,
मेरे लिए वही चमक महज़ कुछ पल का अंगार है।
दहलीज़ पर रंगोली के उभर आए हैं निशान,
उसी परिचित घर में मैं ख़ुद से क्यों हूँ अनजान?
न दर बदला, न आँगन, न बदली कोई दीवार,
मगर घर अब मुझमें नहीं बसता,
न दिल को मिलता क़रार।
हर मकान की पेशानी पर दीपों का श्रृंगार है,
मेरी रूह की दहलीज़ पर सदियों का अँधकार है।
यह कैसा जश्न है, जिसमें मेरा दिल
नहीं आता,
मैं जिस मकान में रहता हूँ, उसे भी घर नहीं पाता।
दीये सजाने को जब भी मैं हथेलियाँ बढ़ाता हूँ,
उनकी काँपती लौ में अपना सन्नाटा पाता हूँ।
रौशनी तो कमरे के हर कोने में उतर आती है,
मगर मेरे भीतर कोई सोई हुई ख़ुशी नहीं जगाती है।
निमंत्रणों पर नाम मेरा,
बस काग़ज़ की है गवाही,
मगर मन की ग़ैरहाज़िरी कहाँ लिख पाएगी स्याही?
मिलता हूँ, मुस्काता हूँ, करता हूँ दुआ-सलाम,
मगर अपने ही क़हक़हों में रह जाता हूँ गुमनाम।
मैं सबके साथ हँस लेता हूँ,
इतना तो है मेरा हुनर,
मगर उस हँसी का दिल तक नहीं होता कोई सफ़र।
‘मैं ठीक हूँ’, यह कहना भी न झूठा है, न पूरा,
मेरी बातों में मेरा हाल रह जाता है अधूरा।
मेरी रूह अपने ही होने से बेज़ार रहती है,
हर मुस्कान मेरे चेहरे पर जैसे उधार रहती है।
लोग पूछते हैं, ‘इतनी रौनक़ में भी ये कैसा मलाल?’
मैं क्या बताऊँ; मौसम नहीं, बदल गया अब मेरा
हाल।
ये आतिशबाज़ियाँ, ये क़हक़हे,
ये रौशनी का इज़हार,
मेरे लिए सब एक-से हैं; क्या शहर,
क्या घर, क्या त्योहार?
मैं अपने ही वजूद से इतना बेगाना हो गया हूँ,
कि आईने की नज़र में भी अनजाना हो गया हूँ।
घड़ी की सुइयाँ करती हैं नए दिन का ऐलान,
मगर मुझमें नहीं जागता कल का कोई अरमान।
मैं हर आती हुई तारीख़ के सामने चुप रहता हूँ,
अपने ही भीतर बीते दिनों का बोझ सहता हूँ।
कभी दीपावली की आहट से बदल जाता था हाल,
एक मामूली-सी शाम भी लगती थी बेमिसाल।
ज़रा-से रंग में खुल जाता था पूरा संसार,
और आने से पहले ही धड़क उठता था दिल बेक़रार।
वही गलियाँ, वही चौखट, वही त्योहार की रात,
मगर तब हर चमक मेरे दिल से करती थी बात।
आज भी वही रंग, वही आवाज़ें आती
हैं मेरे पास,
मगर उनकी तह में नहीं मिलता वह पुराना उल्लास।
मुझे याद है अपनी हँसी का वह पुराना बेफ़िक्र अंदाज़,
बिना किसी वजह के भीतर से उठती वह आवाज़।
याद है यूँ ही खिल उठने वाला बेवजह उल्लास,
मगर उसे जीने वाला ‘मैं’ नहीं है
मेरे पास।
यादों में आज भी मिलता है वह पुराना इंसान,
जिसे आज का आईना कहता है अजनबी,
अनजान।
ज़ेहन में बीते हुए त्योहार अब भी हैं आबाद,
मगर उनमें जो ‘मैं’ था, उसी की आती है याद।
उसी तारीख़ को देखकर रह जाता हूँ हैरान,
कैलेंडर दिन दोहराता है,
नहीं दोहराता इंसान।
मैं उससे अपने बदलने का माँगता हूँ हिसाब,
मगर अपने ही चेहरे से नहीं मिलता जवाब।
अजीब है, यादें तो अब भी
मुझे सब कुछ बताती हैं,
मगर गुज़रे हुए लम्हों की हरारत नहीं लौटा पाती हैं।
मैं उस पुराने एहसास को हर बार पुकारता हूँ,
मगर उसकी जगह बस अपनी ख़ामोशी निहारता हूँ।
वक़्त का गुज़रना ही शायद सबसे गहरा ज़वाल है,
कि लौटती हुई तारीख़ में भी बीते हुए कल का मलाल है।
जो गुज़र गया, वह यादों में उम्रभर
रह सकता है,
मगर क्या कोई उसे फिर उसी तरह जी सकता है?
मैं जानता हूँ, बचपन और उम्र का
फ़ासला तय है,
मगर दिल का यूँ बेदिल हो जाना भी क्या तय है?
हर शख़्स बदलता है, यह अक्ल का है ऐलान,
मगर अपने ही बदल जाने से क्यों हैरान है इंसान?
शहर के नक़्शे पर दर्ज है मेरा भी मकान,
मगर नक़्शे से नहीं मिलता दिल को इत्मीनान।
न अपनों से बिछड़ा हूँ,
न रिश्तों में आई दरार,
फिर अपने ही बेगानेपन का किससे करूँ इज़हार?
किसी ने मुझसे मुँह मोड़ा नहीं,
न छूटा कोई साथ,
फिर क्यों अपनी ही ज़िंदगी में अजनबी हैं मेरे जज़्बात?
यह कैसी जुदाई है, जिसमें कोई मुझसे
दूर नहीं,
और कैसा मातम है, जिसका किसी पर क़ुसूर
नहीं?
ये घर अब भी वही है:
वही चौखट, वही कमरा,
वही अपना मकान,
मगर अपनेपन का मुझमें नहीं मिलता अब निशान।
जब अपने ही एहसास पर नहीं मेरा इख़्तियार,
तो क्या शहर, क्या घर, क्या मायने रखता त्योहार?
नज़र पहचानती है हर ख़ुशी का निशान,
मगर पहचान से जागता नहीं कोई अरमान।
दिमाग़ कहता है, ‘देखो,
कितना रौशन है संसार,’
दिल पूछता है, ‘इन उजालों से मेरा क्या सरोकार ? ’
मैं जानता हूँ इस उल्लास का हर एक सबब,
मगर समझ से दिल का फ़ासला मिटता है कब?
समझ और एहसास के बीच भी है एक दीवार,
उसे पार न कर पाऊँ, तो कैसी रौनक़, कैसी है बहार?
मेरे लिए ख़ुशी अब एक पहचाना हुआ नाम है,
जिसकी स्मृति तो है, मगर गुम उसका मुक़ाम
है।
मैं उसकी परिभाषा किसी को समझा सकता हूँ,
मगर अपने भीतर उसे फिर से नहीं जगा पाता हूँ।
कभी सोचता हूँ, क्या सचमुच सब कुछ
बदल गया है,
या मेरे ही भीतर महसूस करने वाला कुछ ढल गया है?
बाहर की हर चीज़ अब भी अपनी जगह मौजूद है,
मगर भीतर का वह पुराना अपनापन क्यों मफ़क़ूद है?
मेरे ज़ेहन के तहख़ानों में ख़ौफ़ का एक संसार,
जहाँ मैं ही अपना मुजरिम हूँ,
मैं ही अपना पहरेदार।
हर सोच मुझे कटघरे में खड़ा कर जाती है,
मेरी ही ख़ामोशी मुझसे जवाब माँगने आती है।
मेरे भीतर का शोर मुझे रात-भर सोने नहीं देता,
मेरा ही ज़ेहन मुझे ख़ुद का कभी होने नहीं देता।
घड़ी की हर टिक-टिक मुझसे कुछ कहती रहती है,
एक और रात मेरे सीने में जागती रहती है।
एक अनाम-सी बेचैनी बिन दस्तक चली आती है,
बिना किसी वजह के भी दिल में घर कर जाती है।
मैं उस कल से डरता हूँ जो अब तक आया ही नहीं,
और उस कल में अटका हूँ जो अब तक गया ही नहीं।
न किसी की आमद से अब रूह में बहार आती है,
न किसी की रुख़्सती से वीरानी कम हो पाती है।
हर जज़्बा जैसे अपनी ही थकन में सो गया है,
मैं ज़िंदा तो हूँ, मगर मुझमें कुछ
खो-सा गया है।
किसी को क्या ख़बर,
कितनी थकन मेरी ख़ामोशी में,
मैं रोज़ थोड़ा और खोता हूँ अपनी ही फ़रामोशी में।
कुछ दर्द ऐसे भी हैं जो आँसुओं तक नहीं आते,
मन में ही रह जाते हैं,
कोई नाम नहीं पाते।
मैं नहीं कहता कि दुनिया की हर ख़ुशी फ़रेब है,
मगर मेरे और उसके बीच फ़ासला ही मेरा नसीब है।
वह औरों के लिए आज भी एक जीती हुई हक़ीक़त है,
और मेरे लिए बस गुज़रे वक़्त की एक धुँधली अमानत है।
ख़ुशी कोई हमेशा रहने वाली नेमत नहीं होती,
और हर मुस्कान भी दिल की सच्ची राहत नहीं होती।
मैंने दोनों के बीच का फ़र्क़ अब जान लिया है,
हँसते हुए चेहरे में भी अपना मातम पहचान लिया है।
हर साल लगता है,
शायद ये मौसम बदल जाएगा,
मगर जो रूह में जम गया, वह कैसे पिघल जाएगा?
जो उम्रभर की बेदिली है,
वह एक रात में क्या ढलेगी,
जब अपना ही मन न बदले, तो रौशनी क्या बदलेगी?
न कोई ख़ुदा कि एक दुआ से मुक़द्दर सँवर जाए,
न कोई ग़ैबी हाथ कि भीतर की दरार भर जाए।
चराग़ का सच बस लौ है, न मुक्ति का कोई
पैग़ाम,
वह अँधेरे को घटा सकता है,
नहीं बदलता कोई अंजाम।
न किसी जन्नत का दिलासा,
न दूसरे जहाँ का ऐतबार,
यहाँ ज़िंदगी ही अपनी सज़ा है, और जीना उसका विस्तार।
अर्थ ख़ुद ही गढ़ना है, यह बात अक़्ल बताती है,
मगर मेरी थकी हुई रूह हर अर्थ से कतराती है।
कभी सोचता हूँ, जीवन का आख़िर क्या
हासिल है,
अगर आदमी अपने ही भीतर रहने के क़ाबिल नहीं है?
ये कैसी विडंबना है कि मैं हर जगह मौजूद हूँ,
मगर अपने ही अनुभव की दुनिया से मफ़क़ूद हूँ।
ये कैसा फ़लसफ़ा है, जो दिलासा नहीं
देता,
सच जान लेने पर भी मन ख़ुद को समझा नहीं लेता।
तर्क हर दर्द की वजह तलाशने निकल पड़ता है,
मगर वजह मिल जाने से कौन-सा ज़ख़्म भरता है?
ये कैसी फ़ितरत है कि सब कुछ पाकर भी इंसान रोता है,
कभी अपनी ही मौजूदगी में ख़ुद से जुदा होता है।
न हर उदासी का सबब किसी को खो देना होता है,
कभी अपने ही भीतर से अपना रिश्ता टूट जाना होता है।
जो लोग दीयों से पूछते हैं अँधेरों का आख़िरी पता ; उन्हें क्या मालूम कि:
कुछ अँधेरों की कोई सुबह,
कोई किनारा नहीं होता,
हर जलता हुआ चराग़ दिल का सहारा नहीं होता।
कुछ ख़ला ऐसे भी होते हैं जो भरते ही नहीं,
कुछ सवाल उम्र गुज़रने पर भी मरते ही नहीं।
मैंने कितनी बार अपने आप को समझाना चाहा,
हर उजली शाम में कोई पुराना एहसास जगाना चाहा।
मगर हर बार भीतर वही ख़ामोशी लौट आती है,
जैसे मेरी रूह ख़ुद से ही कोई दूरी निभाती है।
अँधेरा अब महज़ रौशनी की ग़ैरमौजूदगी नहीं,
यह मेरे होने की वह थकन है,
जिसकी कोई दवा नहीं।
यह न किसी चराग़ के बुझ जाने का अफ़सोस है,
यह जीते हुए भी जीवन से कट जाने का एहसास है।
जब सब कुछ सामने हो, फिर भी कुछ महसूस
न हो,
जब ख़ुशी पास से गुज़रे,
मगर दिल उससे मानूस न हो।
तब किससे कहूँ कि मेरी उदासी का क्या आकार है,
जब न इसका कोई चेहरा है,
न कोई स्पष्ट आधार है?
मैं अपने ही भीतर एक सूना-सा मकान लिए फिरता हूँ,
हर भीड़ में अपनी ख़ामोशी का सामान लिए फिरता हूँ।
किसी को लगता है, मैं भी इस जश्न
का हिस्सा हूँ,
मगर अपने ही लिए एक अधूरा,
अनकहा क़िस्सा हूँ।
गली के मोड़ पर फिर उड़ने लगेगी वही धूल,
हवा में काँपता रह जाएगा काग़ज़ का फूल।
मेरी उँगली पर रंगोली की रह जाएगी एक लकीर,
मैं पढ़ूँगा उसे जैसे अपनी ही बेगानी तहरीर।
शीशों से उतर जाएगी एक दिन सारी सजावट,
मगर माथे पर ठहरी रहेगी मेरी वही थकावट।
काँच पर मेरी साँसों से उभरेगा धुँधला निशान,
उसे पोंछकर भी अपने ही अक्स से रहूँगा अनजान।
दीवारों से ये उजाले कुछ रातों में उतर जाएँगे,
मगर रूह के ये ज़ख़्म कहाँ उनसे भर पाएँगे?
यह पर्व भी गुज़र जाएगा,
जैसे उम्र के तमाम साल,
मगर मेरे भीतर रह जाएँगे अस्तित्व के वही बे-जवाब सवाल।
फिर सड़कों से उत्सव का शोर उतर जाएगा,
हर सजाया हुआ चेहरा अपने घर लौट जाएगा।
बाज़ारों की रौनक़ फिर रोज़मर्रा में ढल जाएगी,
मगर मेरी उदासी अपनी जगह ठहर जाएगी।
एक रात की रौशनी से कोई उम्र नहीं बदलती,
हर नई सुबह भी कोई नई ज़िंदगी नहीं मिलती।
वक़्त अपने हिसाब से आगे बढ़ता जाएगा,
मगर मेरा कोई हिस्सा पीछे ही छूटता जाएगा।
हर जश्न में अपनी ग़ैरमौजूदगी का निशान रहूँगा,
हज़ारों लोगों के बीच भी एक वीरान मकान रहूँगा।
मेरी आवाज़ सुनी जाएगी,
मेरा चेहरा पहचाना जाएगा,
मगर मेरे भीतर का सन्नाटा किससे समझा जाएगा?
न वक़्त से कोई शिकवा, न ज़माने से कोई
गिला,
जहाँ भी ख़ुद को तलाशा,
मुझे अपना ही ख़ला मिला।
मैं किससे शिकायत करूँ अपने ही बदल जाने की,
जब कोई वजह नहीं मिलती इस बेदिली को समझाने की?
और कल जब शहर की आँखों से उतर जाएगा सारा श्रृंगार,
मैं फिर अपनी उदासी से पूछूँगा: “क्या शहर, क्या घर, क्या त्योहार
? ”
न कोई उत्तर मिलेगा, न कोई नया रास्ता
दिखाई देगा,
बस वही पुराना सन्नाटा मेरे भीतर सुनाई देगा।
क्योंकि अँधेरा अब मेरे लिए किसी रात का नाम नहीं,
ये मेरी उम्र का फ़लसफ़ा है,
जिसका कोई अंजाम नहीं।
मैं जानता हूँ, हर वर्ष दीये फिर
से जलाए जाएँगे,
मगर मेरे भीतर के वे पुराने दिन कहाँ लौट पाएँगे?
‘हार्दिक’ न अब उजालों की ख़्वाहिश है, न किसी सहर का इंतज़ार,
बस उम्रभर का मातम है, और हर साल लौटता हुआ वही त्योहार।
– हार्दिक जैन। ©
इंदौर ।। मध्यप्रदेश ।।
Comments
Post a Comment